होमचुनावJK Assembly Election 2024: जम्मू कश्मीर...

JK Assembly Election 2024: जम्मू कश्मीर में 219 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे वोटर्स, यहां समझिए सभी आंकड़े

JK Assembly Election 2024: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में पहले चरण में विधानसभा की 24 सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है. चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और सुरक्षा बल इलाके में आने वाले सभी वाहनों की तलाशी कर रहे हैं. जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव हो रहा है. जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में मतदाता अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं.

शुरुआत से ही जिस तरह वोट डालने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी है उससे लग रहा है कि मतदान प्रतिशत बढे़गा. वैसे भी आर्टिकल 370 और 35ए हटने के बाद यहां पहली बार चुनाव हो रहे हैं तो लोग अपनी सरकार चुनने के लिए काफी उत्साहित नजर आ रहा हैं.

जम्मू-कश्मीर की जिन 24 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है. उसमें 16 कश्मीर घाटी में और 8 जम्मू संभाग में मौजूद है. दक्षिण कश्मीर के 4 जिले पुलवामा, शोपियां, अनंतनाग और कुलगाम में मतदान हो रहा है. वहीं जम्मू संभाग के 3 जिले डोडा, किश्तवाड़ और रामबन में मतदान हो रहा है. वहीं पहले चरण में 23 लाख से ज्यादा मतदाता हैं जो 219 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे.

निर्दलीय उम्मीदवारों ने रिकॉर्ड तोड़ा

इस बार बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं. पहले चरण में 90 निर्दलीय उम्मीदवार हैं. इस चरण में 3276 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. इस बार चुनाव में 13 मुख्य पार्टियां मैदान में हैं. इस चरण में 35,500 प्रवासी कश्मीरी मतदाता वोट डाल रहे हैं. उनके लिए दिल्ली में 4, जम्मू में 19, उधमपुर में 1 विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं.

पहले चरण में पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा, शोपियां, डीएच पोरा, कुलगाम, देवसर, डूरू, कोकरनाग, अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा-बिजबेहरा, शांगस-अनंतनाग पूर्व, पहलगाम, इंदरवाल, किश्तवाड़, पद्दर-नागसेनी, भद्रवाह, डोडा, डोडा पश्चिम, रामबन और बनिहाल सीट पर मतदान हो रहा है.

दांव पर इन दिग्गजों की किस्मत

गौरतलब है कि इस चरण में कुछ चर्चित सीटें भी हैं. जिसमें बिजबेहरा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है. किश्तवाड़ से भाजपा की शगुन परिहार पर सबकी निगाह टिकी है.

इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के शुरू होने के साथ, मैं आज मतदान करने वाले सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के उत्सव को मजबूत करने का आग्रह करता हूं. मैं विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह करता हूं.’

Arvind Kejriwal: ‘शीश महल’ खाली करेंगे अरविंद केजरीवाल, देखिए क्या किया ऐलान

इस बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर की जनता से वोट देने की अपील करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘जम्मू-कश्मीर के मेरे भाइयों और बहनों, आज प्रदेश में पहले चरण के मतदान हो रहे हैं. देश के इतिहास में पहली बार किसी राज्य का statehood छीन कर उसे केंद्र शासित बनाया गया है. ये आप सभी के संवैधानिक अधिकारों का हनन है, जम्मू-कश्मीर का अपमान है.’

अधिकार का इस्तेमाल करें- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने लिखा, ‘INDIA को दिया आपका एक-एक वोट… आपके अधिकार वापस लौटाएगा, रोजगार की बहार लाएगा, महिलाओं को मजबूत बनाएगा और आपको ‘अन्याय काल’ से बाहर लाएगा. जम्मू कश्मीर को फिर से खुशहाल बनाएगा. आज, बड़ी से बड़ी संख्या में अपने घरों से निकल कर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें – INDIA को वोट दें.’

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में कुल 90 सीटें हैं, जिनमें 47 घाटी में और 43 जम्मू संभाग में हैं. तीन चरणों में आज के अलावा 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजें 8 अक्टूबर को आएंगे.

ये भी पढ़ें

बुलंद भारत स्पेशल

टॉप स्टोरी