Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से सियासी हलचल तेज हो गई है. यहां प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है. इसके बाद तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. लेकिन इस बीच दोनों ने नेताओं ने इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया दी है.
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा, “जब भी हम दिल्ली आते हैं, तो हम वरिष्ठ नेताओं से मिलने की कोशिश करते हैं, पार्टी हाईकमान से मिलते हैं. हम उनके आदेशों का पालन करते हैं. हम के.सी. वेणुगोपाल से मिले, हमने उनसे बात की है. कुछ तत्व ऐसे होते हैं जो बेवजह कुछ मुद्दा उठाते हैं, हमें पार्टी के आदेशों का पालन करना है और राज्य की बेहतरी को भी देखना है.”
हमें राज्य की बेहतरी को देखना है- प्रतिभा सिंह
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘विक्रमादित्य ने यहां अपने विभाग की कुछ बैठकें की थीं. कई परियोजनाएं हैं जो केंद्र द्वारा वित्त पोषित हैं, इसलिए उनके साथ, प्रधानमंत्री मोदी और अन्य नेताओं के साथ समन्वय करना महत्वपूर्ण है क्योंकि यह राज्य के हित में है और हमें राज्य की बेहतरी को देखना है. इससे पहले, जब हिमाचल में त्रासदी हुई थी, तो हमने खुद केंद्र सरकार को इसके बारे में सूचित किया था और उनसे मदद मांगी थी. हम केवल राज्य के हित में काम करते हैं.’
सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने इस्तीफे की खबरों पर कहा, “यह ‘चंदूखाने की खबरें’ हैं. न तो आपको इसपर ध्यान देना चाहिए और न ही मुझे इसपर प्रतिक्रिया देने की कोई आवश्यकता है.” जबकि कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल से मुलाकात पर कहा, “कल अच्छी बैठक हुई है, हिमाचल के संदर्भ में बहुत से मुद्दों पर चर्चा हुई है. इस (भोजनालयों पर मालिकों के नाम प्रदर्शित करने के संबंध में) मसले पर भी बात हुई है और मैंने विश्वास दिलाया है कि पार्टी के निर्देश का पालन करना हमारी जिम्मेदारी है और हम निश्चित तौर पर पार्टी के कमर्ठ सिपाही हैं.”
मुख्यमंत्री का पूरा प्रयास- मंत्री
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा, ‘मैंने उनसे यह भी कहा है कि हिमाचल में काफी समय से यह जो विवाद चला था उसे ठीक करने के लिए सरकार, मुख्यमंत्री पूरा प्रयास कर रहे हैं. वेंडिंग जोन का जो मसला है उसके लिए एक सर्वदलिय कमेटी बनाई गई है जो देखेगी कि कैसे वेंडिंग होनी है. हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट के इसमें कई निर्देश हैं.’
UP News: स्कूल की तरक्की के लिए दी बच्चे की बलि, तंत्र-मंत्र के जाल में गई 11 साल के मासूम की जान
उन्होंने कहा, ‘हम किसी की भावना को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते, हिमाचल में देश के किसी भी कोने से आए लोगों का स्वागत है. लेकिन स्थानीय लोगों की चिंताओं का ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी है और इस बारे में मैंने पार्टी हाईकमान को कहा है कि इसके ऊपर सरकार हाईकमान के साथ मिलकर काम करेगी.’
क्या बोली बीजेपी
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, “कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में दो फाड़ होती नजर आ रही है और इस बार केवल सुक्खू बनाम विक्रमादित्य या सुक्खू बनाम प्रतिभा सिंह नहीं है बल्कि इस बार राहुल बनाम प्रियंका साफ-साफ नजर आ रहा है. जैसे ही विक्रमादित्य सिंह ने उत्तर प्रदेश के ‘योगी मॉडल’ को सराहा और उसे हिमाचल प्रदेश में लागू करने की बात की तो वैसे ही कांग्रेस फंस गई.”
बीजेपी नेता ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी ने लगातार राहुल गांधी के कैंप से एक के बाद एक विक्रमादित्य सिंह पर बयान देना शुरू कर दिया. आज लोग देख रहे हैं कि कैसे कांग्रेस पार्टी वोट बैंक इंटरेस्ट को जनता के इंटरेस्ट के ऊपर रख रही है. फटकार के बाद भी विक्रमादित्य सिंह के तेवर नहीं बदले हैं और वहीं उनके मंत्री धनीराम शांडिल ने भी विक्रमादित्य सिंह का समर्थन कर दिया है. मतलब राहुल गांधी कैंप से लगातार फटकार लगने के बाद भी प्रियंका कैंप जो है वो सीधे-सीधे कह रहा है कि हम अपनी बात पर अडिग रहेंगे.’


