Dadasaheb Phalke Award 2024: बॉलीवुड एक्टर और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती को इस बार दादा साहब फाल्के पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है. इसी जानकारी केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया के जरिए पोस्ट कर दी. इस ऐलान के बाद मिथुन चक्रवर्ती की पहली प्रतिक्रिया आई है. हालांकि इससे पहले भी वह तीन बार नेशनल अवार्ड जीत चुके हैं.
दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित होने की घोषणा पर अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा, “मेरे पास शब्द ही नहीं हैं. मैंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी. मैं इसे अपने परिवार और पूरे विश्व में अपने प्रशंसकों को समर्पित करता हूं.”
इससे पहले केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, “यह घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए पुरस्कार देने का फैसला किया है. 8 अक्टूबर को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा.”
3 बार मिला नेशनल अवार्ड
मिथुन चक्रवर्ती को इस अवॉर्ड के लिए आशा पारेख, एक्ट्रेस खुशबू सुंदर और फिल्म प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह की जूरी ने चुना है. इस जूरी में आशा पारेख शामिल हैं जो पहले दादा साहब फाल्के पुरस्कार जीत चुकी हैं. गौरतलब है कि मिथुन ने अपने 48 साल के करियर में बंगाली, हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड, ओडिया और भोजपुरी भाषा में करीब 350 फिल्में की हैं.
इससे पहले एक्टर को 1993 में ‘तहादेर कथा’ के लिए नेशनल अवॉर्ड दिया जा चुका है. जबकि इसके बाद 1996 में ‘स्वामी विवेकानंद’ फिल्म के लिए नेशनल अवार्ड मिला था. वहीं अप्रैल 2024 में उन्हें पद्म भूषण अवॉर्ड से नवाजा गया था. वहीं उनकी पहली फिल्म ‘मृगया’ के लिए भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया था, जो 1976 में आई थी.


