UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए सभी जिलों के डीएम और पुलिस अधीक्षकों से संपर्क किया है. मुख्यमंत्री ने इस बैठक के दौरान त्योहरों पर पुलिस और प्रशासन को 24×7 अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर सुनिश्चित उपाय करने के लिए कहा है.
सीएम योगी ने कहा, ‘अगले दो दिनों में सभी दुर्गा पूजा कमेटियों से थाना, सर्किल और जनपद स्तर पर संवाद कर लिया जाए. कहीं भी सड़क खोदकर पंडाल न बनाया जाए. पंडाल बनाते समय यातायात की सुगमता का पूरा ध्यान रखा जाए. कमेटियों से बातचीत कर यह सुनिश्चित कराएं कि उनके परिसर में ऐसा कोई कृत्य नहीं होगा, जिससे किसी अन्य की आस्था आहत हो.’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘प्रतिमा विसर्जन का रूट पहले से स्पष्ट होना चाहिए. यह सुनिश्चित कर लें कि प्रतिमा विसर्जन रूट पर कहीं हाईटेंशन लाइन न हो. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी. पंडालों में फायर सेफ्टी के संबंध में आवश्यक प्रबन्ध होने चाहिए. शारदीय नवरात्र के समय सभी देवी स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी. इसका ध्यान रखते हुए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की जानी चाहिए.’
साफ-सफाई होनी चाहिए
उन्होंने कहा, ‘प्रत्येक मंदिर परिसर में साफ-सफाई होनी चाहिए. दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर वितरित किया जाना है. प्रत्येक दशा में दीपावली से पहले सभी लाभार्थियों के घर रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध हो जाने चाहिए. सभी जनप्रतिनिधि गण अपने जिले के प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में कोर कमेटी के साथ बातचीत कर जिला प्रशासन के साथ मिलकर प्रस्ताव तैयार करें.’
अपने निर्देश में यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जहां कहीं भी नई सड़क की जरूरत हो, पुरानी सड़क की मरम्मत करानी हो, सेतु निर्माण, रिंग रोड/बाईपास, प्रमुख/अन्य जिला मार्ग अथवा सर्विस लेन आदि की आवश्यकता हो, जनप्रतिनिधिगण प्रस्ताव भेजें, शासन स्तर से तत्काल निर्णय होगा.’


