Ram Rahim: हरियाणा की रोहतक जेल से एक बार फिर गुरप्रीत राम रहीम बाहर आ चुका है. डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम बीते करीब ढाई साल में नौ बार बाहर आया है. लेकिन अब आरोप लगने लगा है कि बीजेपी सरकार के दौरान ऐसा बार-बार क्यों हो रहा है? इस आरोपी के पीछे चुनावी इतिहास और उसके पैरोल का कनेक्शन रहा है.
दरअसल, इसकी शुरूआत 7 फरवरी 2022 से हुई थी. तब पंजाब में विधानसभा चुनाव हो रहे थे और डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को 21 दिनों की पैरोल मिली थी. इसके बाद से लगातार ऐसा होते रहा है. 17 जून 2022 को फिर से राम रहीम को पैरोल मिली और वह 30 दिनों के लिए बाहर आया था. तब हरियाणा में नगरपालिका का चुनाव हो रहा था.
तीन राज्यों का कनेक्शन
ऐसा केवल चुनाव ही नहीं उपचुनाव के दौरान भी हुआ है. अदमपुर सीट पर उपचुनाव के दौरान 15 अक्तूबर 2022 को फिर राम रहीम को पैरोल मिली. इस बार बीते दो बार की तुलना में और लंबी पैरोल पर उसे रिहा किया गया. तब वह 40 दिनों तक बाहर रहा. हालांकि 21 जनवरी 2023 को उसे फिर पैरोल मिली लेकिन यह पहला अवसर था जब कोई चुनावी कनेक्शन नहीं जुड़ा था.
इसके बाद हरियाणा पंचायत चुनाव के वक्त वह फिर से बाहर आया. तब 20 जून 2023 को उसे 30 दिनों की पैरोल मिली थी. हालांकि अभी तक उसे केवल पंजाब और हरियाणा में चुनाव के दौरान पैरोल मिलती रही थी. लेकिन इस पहली बार 21 नवंबर 2023 को राजस्थान विधानसभा चुनाव के दौरान उसे पैरोल मिली थी और तब वह 21 दिनों के लिए जेल से बाहर आया था.
इस साल तीसरी बार बाहर आया
इस साल भी राम रहीम तीन बार जेल के बाहर आ चुका है. लेकिन ये महज संयोग नहीं है कि तीनों पर वह चुनाव के दौरान ही बाहर आया है. 20 जनवरी 2024 में वह बाहर आया था और उस वक्त लोकसभा चुनाव का माहौल देश में तैयार होने लगा था. इस बार उसे अब तक की सबसे लंबी पैरोल मिली थी. तब वह 50 दिनों के लिए बाहर आया था. हालांकि इसके बाद यह मामला हाईकोर्ट पहुंचा था.
तब हाईकोर्ट ने सरकार और कोर्ट को फटकार लगाई थी. हालांकि इसका कोई असर नहीं हुआ और राम रहीम को हरियाणा विधानसभा चुनाव का ऐलान होने से कुछ दिन पहले 21 दिनों की पैरोल मिल गई. तब वह 13 अगस्त 2024 को बाहर आया था. इसके बाद अब एक बार फिर रेप केस में आजीवन जेल की सजा काट रहा राम रहीम बाहर आ गया है. यह नौंवी बार है जब बीते ढाई साल में उसे पैरोल मिली है.


