Iran Israel War: ईरान ने इजराइल पर मंगलवार की रात को हमला बोल दिया है. सूत्रों की मानें तो ईरान ने करीब दो सौ मिसाइलें दागी हैं और खास तौर पर इजराइल के वायुसेना के ठिकानों को निशाना बनाया है. इस हमले के बाद अब वहां फंसे भारतीयों को लेकर विदेश मंत्रालय का पहला बयान सामने आया है.
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘हम उस इलाके की सुरक्षा की स्थित में हालिया सुधार पर करीब से नजर रख रहे हैं. भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे ईरान की सभी गैर-जरूरी यात्रा से बचें. वर्तमान में ईरान में रहने वाले सभी भारतीयों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहे और तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें.’
इससे पहले आम आदमी पार्टी नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईरान और इजराइल युद्ध के बीच फंसे हुए भारतीयों की सुरक्षा पर चिंता प्रकट की. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पोस्ट कर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार से अनुरोध किया.
वापस लाने की व्यवस्था करें- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने लिखा, ‘इजराइल और ईरान के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनी है. भारत के कई परिवार चिंतित हैं क्योंकि उनके परिवार के लोग इन देशों में काम कर रहे हैं. मैं भारत सरकार से विनम्र निवेदन करता हूं कि वहां रहने वाले जो भी भारतीय वापस आना चाहें, उन्हें जल्द से जल्द मिशन मोड में वापस लाने की व्यवस्था करें.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं आशा करता हूँ कि इन देशों में हालात जल्द सुधरेंगे और विश्व में शांति स्थापित होगी.’ जबकि इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट किया, “ईरान ने आज रात एक बड़ी गलती की और उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी.” इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा, “मैंने आज शाम वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ कमांड और कंट्रोल सेंटर में बिताया.”
इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा कि इजराइल पर ईरानी मिसाइल हमले के खिलाफ आईडीएफ की सफल रक्षा को करीब से देखा. ईरान ने एक साधारण सबक नहीं सीखा है – जो लोग इजराइल राज्य पर हमला करते हैं, उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ती है.


