Haryana Election Result 2024: हरियाणा में बीजेपी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है. पार्टी ने राज्य में 49 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत की सरकार बना ली है. हालांकि कांग्रेस की जीत का दावा बीते कई दिनों से किया जा रहा था. लेकिन चुनाव परिणामों ने सबको चौंका दिया है. चुनाव का रिजल्ट आने के बाद बीएसपी प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया दी है.
बसपा सुप्रीमो ने कहा, ‘जाट समाज का वोट BSP उम्मीदवारों को बिल्कुल नहीं मिला जबकि BSP का दलित वोट पूरा INLD को ट्रांसफर हुआ है. चौटाला परिवार से जुड़ा जाट समाज का वोट इनमें आपस में फूट होने के कारण इसका लाभ भाजपा को मिला है. इस बार हरियाणा का चुनाव जाट और गैर-जाट समाज में बटकर रह गया. BSP को इससे काफी नुकसान हुआ है.’
मायावती ने कहा, ‘हरियाणा विधानसभा आमचुनाव बीएसपी व इनेलो ने गठबंधन करके लड़ा किन्तु आज आए परिणाम से स्पष्ट है कि जाट समाज के जातिवादी लोगों ने बीएसपी को वोट नहीं दिया जिससे बीएसपी के उम्मीदवार कुछ सीटों पर थोड़े वोटों के अन्तर से हार गए, हालांकि बीएसपी का पूरा वोट ट्रांस्फर हुआ.’
दी ये खास सलाह
उन्होंने कहा, ‘जबकि यूपी के जाट समाज के लोगों ने अपनी जातिवादी मानसिकता को काफी हद तक बदला है और वे बीएसपी से एमएलए तथा सरकार में मंत्री भी बने हैं. हरियाणा प्रदेश के जाट समाज के लोगों को भी उनके पदचिन्हों पर चलकर अपनी जातिवादी मानसिकता को जरूर बदलना चाहिए, यह खास सलाह.’
बीएसपी चीफ ने कहा, ‘बीएसपी के लोगों द्वारा पूरी दमदारी के साथ यह चुनाव लड़ने के लिए सभी का हार्दिक आभार प्रकट करती हूं व आश्वस्त करती हूं कि उनकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी. लोगों को निराश नहीं होना है और न ही हिम्मत हारनी है, बल्कि अपना रास्ता खुद बनाने के लिए तत्पर रहना है. नया रास्ता निकलेगा.’


