Maharashtra Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी. इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के लोगों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र के लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं.
पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछले हफ्ते ही मैं ठाणे और मुंबई गया था. यहां मेट्रो समेत 30,000 करोड़ की परियोजनाओं के शुभारंभ का अवसर मुझे मिला. इसके पहले भी अलग-अलग जिलों में हजारों करोड़ की विकास परियोजनाएं शुरू हुई हैं. कई शहरों में मेट्रो का विस्तार किया जा रहा है, कहीं एयरपोर्ट को अपग्रेट किया जा रहा है, तो कहीं सड़कों और हाई-वे से जुड़ी योजनाएं तेज गति से आगे बढ़ रही हैं.’
उन्होंने कहा, ‘किसानों और पशुपालकों के हित में नई पहल की गई है. महाराष्ट्र में देश के सबसे बड़े कंटेनर पोर्ट, वधवन पोर्ट की नींव रखी गई है. महाराष्ट्र के इतिहास में इतनी तेज गति से, इतने बड़े स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों में कभी भी विकास नहीं हुआ. हां, ये बात अलग है कि कांग्रेस के राज में इतनी ही तेज गति से, इतने ही स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रष्टाचार जरूर होता था.’
पुराना सपना पूरा हुआ- PM
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, ‘कुछ दिन पहले ही हमने मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया. जब एक भाषा को उसका गौरव मिलता है तब केवल शब्द नहीं बल्कि पूरी पीढ़ी को नए बोल मिलते हैं. करोड़ों मराठी माणूष का दशकों पुराना सपना पूरा हुआ. महाराष्ट्र के लोगों ने जगह-जगह इसकी खुशी बनाई. आज महाराष्ट्र के गांव-गांव से मुझे खुशी के संदेश भी भेज रहे हैं.’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘महाराष्ट्र के लोग अपने संदेशों में मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा देने के लिए मुझे ढेर सारा धन्यवाद दे रहे हैं लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि ये काम मैंने नहीं बल्कि आप सबके आशीर्वाद ने किया है. महाराष्ट्र के विकास का हर प्रयास छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबासाहेब अंबेडकर, ज्योतिबा फूले, सावित्रि बाई फूले जैसी विभूतियों के आशीर्वाद से हो रहा है.’


