Jammu Kashmir Oath Ceremony: जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद-370 हटने के बाद अब पहली बार सरकार बनने जा रही है. राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर उमर अब्दुल्ला शपथ लेंगे. वह दोपहर करीब तीन बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके शपथ ग्रहण में इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होंगे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ राहुल गांधी भी शामिल होंगे.
बीते विधानसभा चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन को राज्य में बहुमत मिला है. हालांकि बाद में कुछ निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है. जिसके बाद उमर अब्दुल्ला ने अपने विधायकों का समर्थन पत्र उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को सौंपा था. अब वह बुधवार को दोपहर तीन बजे शपथ लेंगे.
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार यह शपथ ग्रहण समारोह श्रीनगर के डल झील के किनारे स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में होगा. इस शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं. कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी.
विपक्ष का जमावड़ा
इसके अलावा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले, द्रमुक की कनिमोझी यहां शपथ ग्रहण में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा भी कुछ नेता शपथ ग्रहण में पहुंचे सकते हैं. सूत्रों की माने तो उमर अब्दुल्ला के साथ कुल 10 मंत्री शपथ ले सकते हैं. हालांकि सूत्रों की माने तो कांग्रेस इस मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं होगी और बाहर से समर्थन करेगी.
उमर अब्दुल्ला के साथ शपथ लेने वालों में सकीना इत्तू, सैफुल्लाह मीर, अब्दुल रहीम राथर, अली मोहम्मद सागर, सुरिंदर सिंह, अजय सधोत्रा, पीरजादा मोहम्मद सैयद और कुछ निर्दलीय विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है. हालांकि चुनाव के दौरान गठबंधन का हिस्सा रही कांग्रेस का मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होना एक चौंकाने वाला फैसला है. हालांकि वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है.


