Omar Abdullah Oath Ceremony: जम्मू कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. उन्हें बुधवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सीएम पद की शपथ दिलाई है. इस शपथ ग्रहण के बाद राज्य के तमाम राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया आने लगी है. उन्होंने नए सीएम को बधाई दी है और उम्मीद भी जताई है.
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, “जम्मू-कश्मीर को बहुत सालों के बाद अपनी एक सरकार मिली है. लोगों ने एक स्थिर सरकार चुनी है. जम्मू-कश्मीर के लिए बहुत मुश्किल दौर है. 2019 के बाद जम्मू-कश्मीर के लोगों को बहुत जख्म लगे हैं. हम उम्मीद करते हैं कि जो सरकार बनी है वो सबसे पहले इन जख्मों का मरहम करेगी. 5 अगस्त 2019 के फैसले से जो लोगों को तकलीफ हुई है उसके बारे में सबसे पहले प्रस्ताव पास करें और उस फैसले की निंदा करें.”
राज्य का दर्जा बहाल हो- कांग्रेस
उमर अब्दुल्ला के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “मैं उन्हें बधाई देने आया हूं. हमें खुशी है कि हमारा गठबंधन सहयोगी सीएम बना और लंबे समय के बाद यहां लोकतंत्र स्थापित हुआ है. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां राज्य का दर्जा बहाल हो.”
कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा, “लोगों ने राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए जनादेश दिया था, यह हमारे पूरे गठबंधन का पहला एजेंडा भी था. प्रधानमंत्री ने भी कहा था कि परिसीमन होना चाहिए, चुनाव होने चाहिए, प्रतिनिधि आने चाहिए ताकि राज्य का दर्जा बहाल हो, ये सारी चीजें हो चुकी हैं, परिसीमन, चुनाव और सरकार का गठन तीन चरण थे. हम चाहेंगे कि प्रधानमंत्री जल्द से जल्द लोगों के जनादेश का जवाब दें और राज्य का दर्जा बहाल करें.”
BJP ने क्या कहा
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा, “उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है और मैं उनके साथ शपथ लेने वाले मंत्रिमंडल को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे जम्मू-कश्मीर की बेहतरी और जम्मू-कश्मीर की शांति और समृद्धि के लिए काम करेंगे. मैं उम्मीद करता हूं कि पिछले 10 सालों में जम्मू-कश्मीर में जो शांति स्थापित हुई है, उसे और मजबूत किया जाएगा ताकि लोगों को लाभ मिल सके. मैं नई सरकार को बधाई देता हूं.”
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला के जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी भी थीं. शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने पर कहा, “यह (यहां सरकार बनना) बहुत जरूरी था और अधिकार मिलना इससे भी ज्यादा जरूरी है.”


