Bahraich Encounter: बहराइच हिंसा में मारे गए रामगोपाल मिश्रा की हत्या के आरोपियों को गुरुवार को एनकाउंटर हो गया है. इस एनकाउंटर में सरफराज और तालिब नाम के आरोपी को गोली लगी है. ये दोनों ही आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे, जहां पुलिस के साथ एनकाउंटर हुआ है.
एसटीएफ प्रमुख अमिताभ यश ने बताया, “थोड़ी देर के लिए गोलीबारी हुई जिसमें सरफराज और मोहम्मद तालिब घायल हो गए हैं. मामले में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.” जबकि बहराइच एसपी वृंदा शुक्ला ने कहा कि 5 आरोपियों की गिरफ़्तारी हुई है, उनमें से 2 पुलिस की गोली से घायल हुए हैं. सरफराज और मोहम्मद तालिब को गोली लगी है.
क्या बोलीं बहराइच एसपी
वृंदा शुक्ला ने कहा कि जब पुलिस टीम हत्या के हथियार की बरामदगी के लिए नानपारा क्षेत्र में गई थी, तो मोहम्मद सरफराज उर्फ रिंकू और मोहम्मद तालिब उर्फ सबलू ने हत्या के हथियार को लोड करके रखा था, जिसका इस्तेमाल उन्होंने पुलिस पर फायरिंग करने के लिए किया.
एसपी ने कहा कि आत्मरक्षा में, पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों घायल हो गए. उनका इलाज चल रहा है. हमने अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है. सभी 5 को आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया है. उन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी… अन्य आरोपियों की तलाश जारी है… उनका इलाज चल रहा है और वे जीवित हैं.
हिंसा मामले में समाजवादी पार्टी नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा, “बहराइच में जो हिंसा, आगजनी और लूट-पाट की घटनाएं हुई हैं उसमें पुलिस, प्रशासन और सरकार की पूरी विफलता थी. कई घंटों तक बहराइच में आगजनी होती रही. वहां पुलिस नहीं पहुंची , प्रशासन नहीं पहुंचा और वहां दंगा भड़क गया. इसमें पूर्ण रूप से वहां का पुलिस-प्रशासन दोषी है जिसे मालूम था कि नवरात्रि के बाद लोग वहां जाएंगे. प्रदेश सरकार और वहां का प्रशासन इस घटना के लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार था.”


