Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अब चुनाव प्रचार अभियान तेज हो चुका है. बीजेपी के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चुनाव प्रचार किया था. इसके बाद मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चुनाव प्रचार करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दो चुनावी जनसभा को संबोधित किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “मैं तो अयोध्या, प्रभु राम की पावन धरा से आपके बीच में आया हूं. जो लोग कहते थे कि अयोध्या में राम मंदिर नहीं बन पाएगा आज वे देख रहे हैं. यही राजद, JMM और कांग्रेस के लोग थे जो राम मंदिर के निर्माण के मार्ग में बाधक थे और जैसे ही देश की जनता ने निर्णय देते हुए दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता पीएम मोदी को देश की कमान सौंपी.”
उन्होंने कहा कि मात्र 2 वर्षों में 100 वर्षों की समस्या का समाधान हो गया है. ये पत्थरबाज पहले भी थे और 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भी थे. उनके आका उत्तर प्रदेश को लूटते थे. उसके बदले उन पत्थरबाजों को पाल-पोसकर पर्व और त्यौहारों में विघ्न डाले जाते थे. आज जितने माफिया-गुंडे उत्तर प्रदेश के थे वे या तो उत्तर प्रदेश छोड़ चुके हैं या फिर जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं.
बार-बार राम मंदिर के काम में रोड़े अटकाती थी कांग्रेस- सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा देश की सुरक्षा की गारंटी है, देश के स्वाभिमान की गारंटी है, युवाओं के रोजगार की गारंटी है, महिलाओं के लिए सम्मान और स्वालंबन की गारंटी है, विरासत और विकास के समंवय की गारंटी भी है. जब ये कांग्रेस के लोग सत्ता में थे तब अयोध्या में दुर्व्यवस्थाएं थीं.”
सीएम योगी ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण ना हो इसके लिए उनके (कांग्रेस) द्वारा बार-बार रोड़े अटकाए जाते थे. अयोध्या में अब 500 वर्षों के बाद भव्य दीपोत्सव मनाया गया. हर भारतवासी के लिए इससे ज्यादा सम्मान और क्या हो सकता है? 2017 के पहले कावंड़ यात्रा नहीं निकाले देने थे, आज हेलीकॉप्टर से फूल बरसते है.


