Maharashtra Assembly Election 2024: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर नया विवाद खड़ा हो गया है. सीएम योगी आदित्यनाथ की आतंकवादी से तुलना किए जाने के बाद अब जुबानी जंग शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री योगी ने उनके बयान पर पलटवार किया है. सीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष पर महाराष्ट्र के अकोला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पलटवार किया है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आजकल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अनावश्यक रूप से मेरे ऊपर लाल-पीले हो रहे हैं, गुस्से में हैं. खरगे जी मेरे ऊपर गुस्सा मत करिए, मैं तो आपकी उम्र का सम्मान करता हूं. आपको गुस्सा करना है तो हैदराबाद के निजाम पर करिए. जिस हैदराबाद के निजाम के रजाकारों ने आपके गांव को जलाया था, हिंदुओं की निर्मम हत्या की थी.”
उन्होंने कहा कि आपकी पूज्य माता को, बहन को, आपके परिवार के सदस्यों को जलाया था, इस सच्चाई को देश के सामने रखिए कि जब भी बटेंगे तो इसी प्रकार से निर्ममता से कटेंगे. इससे पहले मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “कई नेता साधु के वेश में रहते हैं और अब राजनेता बन गए हैं, मुख्यमंत्री भी बन गए हैं. वे ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं और उनके सिर पर बाल नहीं हैं.’
क्या बोले थे खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘मैं भाजपा से कहूंगा कि या तो सफेद कपड़े पहनें या यदि आप संन्यासी हैं या ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं, तो राजनीति से बाहर हो जाएं. एक तरफ आप ‘गेरुआ’ कपड़े पहनते हैं और दूसरी तरफ आप कहते हैं ‘बटोगे तो कटोगे. वे लोगों के बीच नफरत फैला रहे हैं और उन्हें बांटने की कोशिश कर रहे हैं. बटेंगे तो कटेंगे जैसे बयान कोई साधू का बयान है?’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था, ‘कोई साधू ऐसा बयान नहीं दे सकता. ये बात आतंकी कह सकते हैं ,आप नहीं . कोई नाथ संप्रदाय का साधू ऐसी बात कर ही नहीं सकता. हम डरेंगे तो मरेंगे , हम डरने वाले नहीं है.’ हालांकि सीएम योगी से पहले बीजेपी के सहयोगी दलों ने कांग्रेस अध्यक्ष पर जुबानी हमला बोला है. उन्होंने खरगे के बयान का जमकर आलोचना की है.


