Ajit Pawar NCP Candidate List: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अब महायुति से बीजेपी और शिवसेना के बाद एनसीपी ने भी अपनी पहली सूची जारी कर दी है. इस सूची में राज्य के डिप्टी सीएम और पार्टी प्रमुख अजीत पवार को बारामती सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. जबकि एनसीपी के बड़े नेता छगन भुजबल को येवला सीट से उम्मीदवार बनाने का फैसला किया गया है.
एनसीपी ने दिलीप वाल्से पाटिल को अम्बेगांव सीट, कोपुरगव से आशुतोष काले, अकोले से किरण लहामटे, बसमत से चंद्रकांत उर्फ राजू नवघरे, चिपलूण से शेखर निकम और मावल से सुनील शेलके सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है. हालांकि गठबंधन के अन्य सहयोगी पार्टी बीजेपी और शिवसेना ने पहले उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी कर दी थी.
पार्टी के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में मंत्रियों समेत 26 विधायकों को इस बार फिर से प्रत्याशी बनाया गया है जो एनसीपी में अजीत पवार के साथ आए हैं. पार्टी ने अमरावती से मौजूदा विधायक सुलभा खोडके और इगतपुरी से हीरामन खोसकर को उम्मीदवार बनाया है. ये हाल में ही कांग्रेस से एनसीपी में आए थे.
इन्हें दिया गया टिकट
इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे माणिकराव गावित के बेटे भरत गावित को टिकट दिया गया है, उन्हें नवापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. जबकि महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष नरहरि जिरवाल को उम्मीदवार बनाया गया, उन्होंने पार्टी ने डिंडोरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है.
पूर्व बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री राजकुमार बडोले को अर्जुनी-मोरगांव सीट से प्रत्याशी बनाया गया है. गौरतलब है कि अजीत पवार के गुट वाली एनसीपी बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) के साथ चुनाव लड़ रही है. इन दोनों ही पार्टियों ने पहले ही अपने उम्मीदवारों के एक-एक लिस्ट जारी कर दी है. बता दें कि महाराष्ट्र में एक चरण में सभी 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी, जबकि 23 नवंबर को नतीजे आएंगे.


