Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अब अरविंद केजरीवाल ने एक और बड़ा फैसला कर लिया है. AAP सांसद संजय सिंह ने पूर्व सीएम के फैसले की जानकारी मीडिया को दी. अब अरविंद केजरीवाल अपना पद छोड़ने के बाद CM की सभी सुविधाओं का त्याग करेंगे. हालांकि अभी तय नहीं हो पाया है कि आतिशी कब मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी.
संजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया, ‘अरविंद केजरीवाल जी ने तय किया है कि वे मुख्यमंत्री के तौर पर मिलने वाली सभी सुविधाओं का त्याग करेंगे और कुछ ही हफ्तों में सीएम आवास भी खाली कर देंगे. हम उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं, हालांकि अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि भगवान उनकी रक्षा करेंगे.’
आम आदमी पार्टी सांसद ने कहा, ‘वे जेल में खूंखार अपराधियों के बीच थे, जनता और भगवान के आशीर्वाद से वे सुरक्षित बाहर आ गए. अब दिल्ली की जनता की जिम्मेदारी है कि वे अरविंद केजरीवाल जी को भारी बहुमत से CM की कुर्सी पर बैठाएं. मुख्यमंत्री के तौर पर मिला सरकारी घर भी खाली करेंगे. तमाम खतरों और पहले हुए हमलों के बावजूद सरकारी सुरक्षा भी छोड़ेंगे.’
CM देंगे ईमानदारी का प्रमाण पत्र- संजय सिंह
जबकि अपने सोशल मीडिया के जरिए पोस्ट कर लिखा, ‘दिल्ली की जनता BJP की साज़िशों का जवाब देगी अरविंद केजरीवाल जैसे ईमानदार नेता को फिर से प्रचंड बहुमत के साथ ईमानदारी का प्रमाण पत्र देकर CM की कुर्सी पर बैठायेगी. केजरीवाल अगले कुछ हफ़्तों में अपना मुख्यमंत्री आवास खाली कर देंगे और जनता की अदालत में जायेंगे.’
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार की शाम को उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की और उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है. जबकि AAP के विधायक दल की बैठक में आतिशी को नया सीएम फेस चुना गया है. वहीं आतिशी ने मंगलवार की शाम को ही सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है.


