Bihar Politics: एक वक्त था जब केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान आए दिन चर्चा में बने रहते थे. तब वह सीएम नीतीश कुमार पर जुबानी हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ते थे. लेकिन अब वह बदले-बदले नजर आ रहे हैं. शुक्रवार को उन्होंने एक बार फिर सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की तो तस्वीरें काफी चर्चा में रहीं.
इस मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए चिराग पासवान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘आज बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस दौरान बिहार के सर्वांगीण विकास और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के संबंध में चर्चा हुई.’
सघन जांच के निर्देश
उन्होंने आगे लिखा, ‘कल पश्चिम बंगाल में छात्रों के साथ हुई मारपीट को लेकर मुख्यमंत्री जी स्वयं गंभीर हैं और उन्होंने इस मामले की सघन जांच के निर्देश दिए हैं. जल्द से जल्द दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.’ केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘हमारी बैठक का विषय बिहार में चल रही योजनाएं थीं और सबसे महत्वपूर्ण विषय था कि बंगाल में बिहार के छात्रों के साथ किस तरह से क्रूरता की जा रही है.’
Bihar News: बंगाल में बिहारियों की किसने पीटा? लालू यादव ने किया फोन! बता नीतीश कुमार तक आई
उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा इस मुद्दे को उठाता हूं कि दूसरे राज्यों में बिहारियों के साथ कैसे व्यवहार किया जाता है. यह बहुत ही शर्मनाक घटना है, इसका वीडियो 2 दिनों से वायरल है. भारत का संविधान हमें इजाजत देता है कि कोई भी भारतीय देश के किसी भी कोने में जाकर शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय आदि प्राप्त कर सकता है.’
यह मानसिकता चिंता का विषय- चिराग
चिराग पासवान ने कहा, ‘इसके बावजूद अगर किसी राज्य में यह मानसिकता है तो यह चिंता का विषय है. मैंने यह मामला मुख्यमंत्री के सामने रखा. नेता प्रतिपक्ष (तेजस्वी यादव) इस पर चुप हैं. मैंने मुख्यमंत्री से इस बारे में चर्चा की. मुझे खुशी है कि स्थानीय प्रशासन ने इसे तत्परता से लिया है और वहां के प्रशासन से संपर्क किया है.’
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री खुद इस मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं. मुझे उम्मीद है कि उन बच्चों के साथ न्याय होगा.’ बता दें कि नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू इसी साल जनवरी के अंत में एनडीए का हिस्सा बन गई थी. तब वह इंडिया गठबंधन से अलग होकर एनडीए में चले आए थे.


