Bomb Threat: दिल्ली से बेंगलुरु और मुंबई से दिल्ली जा रही फ्लाइट समेत कई अन्य फ्लाइट को रास्ते में बस से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद इन फ्लाइट्स को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया है. वहीं लैंडिंग के बाद इनकी जांच की जा रही है. इस दौरान प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया है. बम से उड़ाने की धमकी मिलने के संबंध में दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है.
दिल्ली पुलिस ने बताया, ‘दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे अकासा एयर के विमान में बम की धमकी से संबंधित सुरक्षा अलर्ट प्राप्त हुआ. मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, विमान को तुरंत वापस दिल्ली के IGI हवाई अड्डे पर भेज दिया गया, जहां इसे सुरक्षित रूप से उतारा गया. विमान को एक आइसोलेशन बे में रखा गया है, और यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है.’
वहीं अकासा एयर के प्रवक्ता ने बताया, ’16 अक्टूबर, 2024 को दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाले और 174 यात्रियों, 3 शिशुओं और 7 चालक दल के सदस्यों को लेकर जाने वाले अकासा एयर के विमान QP 1335 को सुरक्षा अलर्ट मिला. अकासा एयर की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें स्थिति पर नज़र रख रही हैं और उन्होंने पायलट को सलाह दी है कि वह विमान को पूरी सावधानी के साथ दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ले जाए.’
इमरजेंसी प्रक्रिया का पालन जारी- अकासा एयर
प्रवक्ता ने बताया कि कैप्टन दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग के लिए सभी आवश्यक आपातकालीन प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं और आगमन का अनुमानित समय लगभग 14:00 बजे है. वहीं इंडिगो और एयर इंडिया के विमान को उड़ाने की धमकी भी मिली है. हालांकि इससे पहले मंगलवार को अयोध्या एयरपोर्ट पर भी एक फ्लाइट को उड़ाने की धमकी मिली थी.
इंडिगो प्रवक्ता ने बताया, ‘मुंबई से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट 6E 651 को सुरक्षा संबंधी अलर्ट के कारण अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया. विमान को अलग कर दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया. हमारे परिचालन के सभी पहलुओं में हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोपरि है.’


