Emergency: मंडी से बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ को सेंसर बोर्ड से अभी तक अनुमति नहीं मिली है. अब मामला हाईकोर्ट में चल रहा है और बांबे हाईकोर्ट इस मामले में सुनवाई कर रही है. इस बीच बीजेपी सांसद ने फिर से एक बड़ा दावा कर दिया है.
कंगना रनौत ने कहा, ‘मुझे फिल्म इंडस्ट्री से कोई समर्थन नहीं मिला. मैं अन्य भागीदारों के साथ फिल्म की निर्माता हूं. देरी से रिलीज होना सभी के लिए नुकसानदेह है. मुझे लगता है कि सेंसर बोर्ड को इस फिल्म को जल्द से जल्द रिलीज करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए.’
बीजेपी सांसद ने कहा, ‘मैंने हमेशा शरणार्थियों के मुद्दे पर, घुसपैठियों के बारे में बात की है. अगर आप किसी भी देश की नागरिकता चाहते हैं तो आप इसे प्राप्त कर सकते हैं. लेकिन, मैंने लोगों को नकली नामों का उपयोग करते हुए और दूसरे धर्मों के नाम पर व्यवसाय चलाते हुए देखा है, यह स्थानीय लोगों की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाता है और राज्य के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है.’
पीएम मोदी की खुब की तारीफ
उन्होंने कहा, ‘चीजें राजनीतिक लाभ के लिए की जाती हैं.’ इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 10 सालों में देश का चेहरा ही बदल दिया है. एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को अब आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में जाना जाता है.
एक्ट्रेस ने कहा कि पीएम भारत का इतिहास दोबारा लिख रहे हैं. उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया है. प्रधानमंत्री हर वर्ग की प्रगति के लिए चिंतित हैं. बता दें कि कंगना रनौत पर फिल्म ‘इमरजेंसी’ के जरिए सिख छवि को खराब करने का आरोप लग रहा है, जिसपर एक्ट्रेस ने सफाई भी दी है.


