Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में कांग्रेस के अंदर मुख्यमंत्री के फेस को लेकर कई नेता दावेदारी कर रहे हैं. बीते दिनों में चुनाव अभियान के दौरान कई नेताओं ने अपने बयानों के जरिए इसका संकेत भी दे दिया है. लेकिन अब एक बार फिर सीएम फेस को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी है.
भूपेंद्र हुड्डा से जब मुख्यमंत्री के चेहरे से जुड़ा सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘हरियाणा में मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा. जो हाईकमान का फैसला होगा वो हमें मंजूर होगा.’ पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “बहुत जबरदस्त समर्थन मिल रहा है. लोगों ने मन बना लिया है, हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है. कांग्रेस की सरकार भारी बहुमत से बनेगी.”
वहीं कांग्रेस से नाराज बताई जा रहीं कुमारी शैलजा ने गुरुवार को कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार किया. राहुल गांधी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ मंच पर कुमारी शैलजा नजर आईं. इसके साथ ही उनकी नाराजगी की अटकलें थम गई. 11 सितंबर के बाद यह पहला मौका था जब वह प्रचार अभियान के दौरान नजर आईं.
अटकलों पर लगा ब्रेक
मंच पर कुमारी शैलजा के बगल में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान बैठे हुए थे. उसके बाद उदयभान के बाद में राहुल गांधी थे और फिर भूपेंद्र हुड्डा बैठे हुए थे. जब कुमारी शैलजा भाषण देने गईं तो उन्होंने पहले राहुल गांधी और फिर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लिया. इसके बाद तमाम तरह की अटकलों पर ब्रेक लग गया है.
गौरतलब है कि कुमारी शैलजा लंबे वक्त से नाराज बताई जा रही थीं. लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करने के बाद वह अब पार्टी के लिए प्रचार में जुट गई हैं. बता दें कि हरियाणा की सभी सीटों पर पांच अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और आठ अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी.


