Haryana Election Result 2024: हरियाणा में वोटों की गिनती जारी है और करीब 12 बजे तक बीजेपी बहुमत के आंकड़े से आगे चल रही है. लेकिन इस बीच कांग्रेस ने भारत निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाते हुए हरियाणा में नतीजे अपडेट करने में देरी का आरोप लगाया है. कांग्रेस ने लिखी शिकायत भी चुनाव आयोग के पास की है. वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी है.
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, “ऐसा पहली बार हो रहा है कि चैनल अपने रिपोर्टर के आंकड़े नहीं बल्कि चुनाव आयोग के आंकड़े दिखा रहे हैं और चुनाव आयोग के आंकड़े 4 या 5वें राउंड के हैं जबकि हमारे कंट्रोल रूम से 11/12 राउंड के आंकड़े आ चुके हैं. 4 राउंड के बाद विनेश फोगाट को पीछे दिखाया गया लेकिन 9 राउंड के बाद वो 5200 वोटों से आगे हैं.”
पवन खेड़ा ने कहा, ‘आंकड़ों में इस अंतर को लेकर हमारे महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर चुनाव आयोग से पूछा है कि स्थानीय प्रशासन पर दबाव बनाने की ये क्या कोशिश है? हम चुनाव आयोग से इस पर तुरंत कार्रवाई करने और रुझानों को अपडेट करने की मांग कर रहे हैं.’
कांग्रेस का आरोप
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “हम ज्ञापन पेश करके शिकायत कर रहे हैं और हम उम्मीद करते हैं कि ECI हमारे सवालों का जवाब दे क्योंकि 11-12 राउंड के नतीजे आ चुके हैं लेकिन जो अपडेट किया गया है उसमें केवल 4 से 5 राउंड के नतीजों को दिखाया जा रहा है.”
उन्होंने कहा, ‘ऐसा लोकसभा चुनाव में भी हुआ था. हम उम्मीद करते हैं की ECI जो एक संवैधानिक संस्था है, निष्पक्ष संस्था है वो प्रशासन पर दबाव न बनाए. हताश होने की कोई जरूरत नहीं है, निराश होने की जरूरत नहीं है. ये सब ‘माइंड गेम’ है. हमें जनादेश मिलने वाला है, कांग्रेस की सरकार बनने वाली है.’
कांग्रेस को जवाब
जबकि बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने हरियाणा चुनाव के रुझानों पर कहा, “वैसे तो हमें अंतिम नतीजों का इंतजार करना चाहिए लेकिन जब जयराम रमेश ने यह कहना शुरू कर दिया है और चुनाव आयोग पर उंगली उठानी शुरू कर दी है तो हमें यह मान लेना चाहिए कि उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है.”
उन्होंने कहा, ‘अब 12 बज चुके हैं, जिस तरह से रुझान स्थिर हो रहे हैं, मुझे लगता है कि हम निर्णायक जीत की ओर बढ़ रहे हैं और कांग्रेस अपनी भावी हार की तैयारी में जुट गई है.’ बता दें कि दोपहर 12 बजे तक 90 में से करीब 49 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 34 सीटों पर आगे है.


