iPhone 16: एप्पल के आईफोन 16 की बिक्री शुक्रवार से शुरू हो रही है. आईफोन 16 खरीदने के लिए स्टोर्स पर लंबे लाइनें लगी हुई हैं. देशभर से स्टोर्स की तस्वीरें सामने आ रही है, जहां कस्टमर कई घंटों से लाइन में लगे हुए हैं. मुंबई और दिल्ली समेत अन्य शहरों में लोगों की भीड़ सुबह से ही स्टोर्स में देखी जा रही है.
मुंबई के बीकेसी में कंपनी के स्टोर पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग आईफोन 16 खरीदने के लिए पहुंचे. एक ग्राहक ने कहा, “मैंने 5 मोबाइल बीबी और बच्चों के लिए लिया है. यहां का सर्विस बहुत अच्छा है.” वहीं दिल्ली के साकेत के सेलेक्ट सिटी वॉक में लंबी कतार में खड़े दिखी. दरअसल, शुक्रवार से ही आईफोन 16 भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध है.
मुंबई के स्टोर पर आईफोन खरने के लिए पहुंचे एक ग्राहक उज्जवल शाह ने कहा, “मैं अहमदाबाद से आया हूं. मैं पिछले 21 घंटों से कतार में खड़ा हूं. मैं कल सुबह 11 बजे से यहां हूं और आज सुबह 8 बजे स्टोर में प्रवेश करने वाला मैं पहला व्यक्ति होऊंगा. मैं आज बहुत उत्साहित हूं. पिछले साल मैं 17 घंटे तक कतार में खड़ा रहा था.”
चार मॉडल्स हुए लॉन्च
दरअसल, त्योहारों के सीजन में आईफोन को लेकर लोगों में बड़ा उत्साह देखा जा रहा है. कंपनी ने अभी iPhone 16 सीरीज के चार मॉडल्स लॉन्च किए हैं. जो चार मॉडल्स लॉन्च किए गए हैं उसमें आईफोन 16, आईफोन 16 प्लस, आईफोन 16 प्रो और आईफोन 16 प्रो मैक्स शामिल हैं. खास बात यह है कि ऐसा पहली बार है जब आईफोन के पुराने मॉडल्स की तुलना में नए की कीमत कम है.
अगर कीमत की बात करें तो आईफोन 16 की कीमत 79,900 रुपए है. इसमें 128GB स्टोरेज है. लेकिन 256GB स्टोरेज वाले आईफोन 16 की कीमत 89,900 और 512GB स्टोरेज वाले आईफोन 16 की कीमत 1,09,900 रुपए है. जबकि आईफोन 16 प्लस की कीमत 89,900 रुपए से शुरू होती है. 256GB स्टोरेज वाला फोन 99,900 रुपए और 512GB स्टोरेज वाला फोन 1,19,900 रुपए में उपलब्ध है.


