Jammu Kashmir Assembly Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बीजेपी की एक बड़ी रैली को संबोधित किया. जम्मू के एमए स्टेडियम में ‘भाजपा संकल्प महारैली’ के नाम से आयोजित रैली के दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर जुबानी हमले बोले हैं. इस दौरान उन्होंने जम्मू डिविजन के सभी 24 बीजेपी प्रत्याशियों के लिए जनसमर्थन मांगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “इस धरती ने देश की रक्षा के लिए खुद को न्योछावर करने वाली अनेक संतान दी हैं, मैं इस धरती को नमन करता हूं. आज शहीद वीर सरदार भगत सिंह की जन्म जयंती भी है, मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं. मैं विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र के लोगों से आज कहना चाहूंगा कि जम्मू क्षेत्र के लोगों के लिए इतिहास में ऐसा मौका पहले कभी नहीं आया है जो इस चुनाव में आया है.”
मौके को छोड़ना नहीं- पीएम
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज पहली बार जम्मू क्षेत्र के लोगों की इच्छा वाली सरकार बनने जा रही है. ये तो मंदिरों की नगरी है, इस मौके को छोड़ना नहीं है, चूकना नहीं है. भाजपा की जो सरकार यहां बनेगी वो आपकी हर पीड़ा को दूर करेगी. जम्मू के साथ दशकों से जो भी भेदभाव हुआ है उसको भाजपा सरकार ही दूर करेगी.’
संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे बीते हफ्तों में जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में जाने का अवसर मिला है. जहां भी गया वहां भाजपा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह दिख रहा है. जम्मू-कश्मीर के लोग PDP, NC और कांग्रेस इन तीन परिवार से त्रस्त हैं. लोग फिर वही निजान नहीं चाहते जिसमें भ्रष्टाचार हो. यहां की जनता आतंकवाद, अलगाववाद, खून-खराबा नहीं चाहती. यहां के लोग अमन, शांति चाहते हैं.”
लोग भाजपा सरकार चाहते हैं- पीएम
उन्होंने कहा, ‘यहां के लोग अपने बच्चों का बेहतर भविष्य चाहते हैं और इसलिए जम्मू-कश्मीर के लोग भाजपा सरकार चाहते हैं. 8 अक्टूबर को मां के नवरात्रि के दिन नतीजे आएंगे और हम सब तो माता वैष्णों देवी के साये में पले बड़े हैं और 12 अक्टूबर को विजयादशमी है. इस बार की विजयादशमी हम सभी के लिए शुभ शुरूआत वाली होगी.’
पीएम ने कहा, ‘जम्मू हो, सांबा हो, कठुआ हो, चारो तरफ एक ही नारा गूंज रहा है, ‘जम्मू की यही पुकार, आ रही है भाजपा सरकार’. आप वह दौर याद कीजिए जब सीमा पार से गोलियां चलती थी. वहां से गोलियां चलती थी और कांग्रेस वाले सफेद झंडा दिखाते थे लेकिन जब भाजपा ने गोली का जवाब गोले से दिया तो उधर वालों के होश ठीक हो गए.’


