Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन शुरू हो चुका है. पहले चरण का नामांकन शुरू होने के बाद बीजेपी समेत कई पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. हालांकि खास बात यह है कि सभी पार्टियों में फिर से परिवारवाद की बहार नजर आ रही है.
दरअसल, राज्य में बाबूलाल मरांडी को छोड़ दें तो सभी पूर्व और वर्तमान मुख्यमंत्री के परिवार से कोई न कोई चुनाव लड़ रहा है. झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी थे. उनके बाद के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, शिबू सोरेन, मधु कोड़ा, हेमंत सोरेन, रघुवर दास और चंपई सोरेन हुए हैं. इनके परिवार से कोई न कोई चुनाव लड़ रहा है.
इन्हें मिला टिकट
इस बार के चुनाव में सभी पूर्व या वर्तमान सीएम के किसी न किसी परिवार के लोगों को टिकट मिल चुका है. बीजेपी ने पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की पत्नी मीर मुंडा को पोटका से उम्मीदवार बनाया है. वहीं ओडिशा के वर्तमान राज्यपाल और राज्य के पूर्व सीएम रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास साहू इस बार जमशेदपुर पूर्वी सीट से चुनाव लड़ रही हैं.
ये सीट बीते विधानसभा चुनाव की सबसे चर्चित सीट रही थी और यहां से रघुवर दास चुनाव हार गए थे. बीजेपी ने पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा को भी जगन्नाथपुर से टिकट दिया है. बीजेपी के अलावा जेएमएम का भी वैसा ही हाल है. पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम शिबू सोरेन के दोनों बेटे हेमंत सोरेन और बसंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं.
सोरेन परिवार सबसे आगे
इसके अलावा उनकी बहू सीता सोरेन को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है. दूसरी ओर हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन बीते उपचुनाव में गांडेय से विधायक बनी हैं और फिर चुनाव लड़ना लगभग तय है. हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को बीजेपी ने जामताड़ा से अपना उम्मीदवार बनाया है और वह चुनाव लड़ रही हैं.
जबकि बागी होकर जेएमएम से बीजेपी में आए पूर्व सीएम चंपई सोरेन फिर चुनाव लड़ रहे हैं. उनके अलावा चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को बीजेपी ने घाटशिला सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. इसके अलावा खीरु महतो, रामचंद्र चंद्रवंशी और कई बड़े नेताओं के परिजन चुनावी मैदान में हैं.


