Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन के दलों ने सीट शेयरिंग का औपचारिक ऐलान शनिवार को कर दिया था. लेकिन इस ऐलान से अब गठबंधन की सहयोगी पार्टी आरजेडी नाराज बताई जा रही है. हालांकि इस पूरे मामले पर आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने बयान दिया है.
सीट शेयरिंग पर राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, “जब 2019 का चुनाव यहां हुआ था, तब हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष यहां थे. भारी मन से उन्होंने तब 7 सीटों पर सहमति जताई थी क्योंकि वो बड़े दिल वाले हैं और उन्होंने कहा था कि भाजपा को (सत्ता से) हटाना लक्ष्य है. हम अपने लक्ष्य में सफल हुए. परसों (2024 के चुनाव के लिए) सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई थी.”
3-4 सीटें घटाकर दी गईं- RJD
राजद के सांसद ने कहा कि बैठक में हेमंत सोरेन वहां मौजूद थे. इस बात पर जोर दिया गया था कि हमें मिलकर चुनाव लड़ना है. लेकिन कल एकतरफा फैसला लिया गया, कहा गया कि 7 सीटें दी जा रही हैं. जब हम बाद में शाम को फिर से उनसे मिले, जिसे मैं बहुत सौहार्दपूर्ण नहीं मानता, तो सीटें घटाकर 3-4 कर दी गईं.
उन्होंने कहा कि इसलिए, कल और आज की हमारी बैठक में यह तय हुआ कि हम 60-62 सीटों पर महागठबंधन की मदद करेंगे. दरअसल, सूत्रों की माने तो आरजेडी गठबंधन के लिए राज्य में 11 से 12 सीटों की मांग रख रही है. इसके लिए पार्टी के ओर कई बार नेताओं ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की, लेकिन इसके बाद भी नाराजगी दूर नहीं हुई है.
किसे मिली कितनी सीट
इससे पहले शनिवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के रांची पहुंचने से पहले सीट शेयरिंग का ऐलान कर दिया गया था. तब सीएम हेमंत सोरेन ने कहा था कि कांग्रेस और जेएमएम मिलकर 70 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. वहीं सहयोगी दल आरजेडी और सीपीआई-एमएल को 11 सीटें दी गई हैं.
बता दें झारखंड में दो चरणों में चुनाव होने वाले हैं. पहले चरण के लिए शुक्रवार को नामांकन शुरू हो चुका है. इस चरण के तहत 13 नवंबर को 43 सीटों पर वोटिंग होगी. जबकि दूसरे चरण के तहत राज्य की 38 सीटों पर 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. सभी सीटों के नतीजे 23 नवंबर को घोषित होंगे.


