JK Assembly Election 2024: जम्मू-कश्मीर में दूसरे चरण की वोटिंग के पहले चुनाव प्रचार तेज हो गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के मेंढर में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि 1947 से लेकर अब तक पाकिस्तान के खिलाफ लड़े गए हर युद्ध में, इस धरती, जम्मू-कश्मीर के सैनिकों ने भारत की रक्षा की है.
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘जब 1990 के दशक में फारूक अब्दुल्ला की बदौलत आतंकवाद आया, तो मेरे पहाड़ी, गुर्जर और बकरवाल भाई ही थे जिन्होंने सीमाओं पर गोलियों का बहादुरी से सामना किया. ये चुनाव, जम्मू-कश्मीर में तीन परिवारों का शासन समाप्त करने वाला है. अब्दुल्ला परिवार, मुफ्ती परिवार और नेहरू-गांधी परिवार.’
तीनों परिवारों ने फैलाई दहशत- गृह मंत्री
अमित शाह ने कहा, ‘इन तीनों परिवारों ने यहां जम्हूरियत को रोक कर रखा था. अगर 2014 में मोदी जी की सरकार न आती तो पंचायत, ब्लॉक, जिले के चुनाव नहीं होते. जम्मू-कश्मीर में अब्दुल्ला, मुफ्ती और नेहरू-गांधी परिवार ने 90 के दशक से लेकर अब तक दहशत-गर्दी फैलाई. आज श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने जम्मू-कश्मीर से दशहतगर्दी को समाप्त किया है.’
उन्होंने कहा, ‘हां के युवाओं के हाथ में पत्थर की जगह लैपटॉप दिया है. मोदी के आने बाद ओबीसी, पिछड़ों, गुर्जर बकरवाल और पहाड़ियों को आरक्षण मिला. जब मैंने बिल पेश किया, तो फारूक अब्दुल्ला की पार्टी ने विरोध किया और यहां गुर्जर भाइयों को भड़काना शुरू किया. जब मैं राजौरी आया था, तब मैंने वादा किया था कि हम गुर्जर भाइयों के आरक्षण को कम नहीं करेंगे और पहाड़ियों को भी आरक्षण देंगे.’
BJP नेता ने कहा, ‘हमने आरक्षण पर किया वादा पूरा किया है. इन लोगों ने (कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस) कहा है कि हम आरक्षण समाप्त करेंगे, जबकि हम (भाजपा) कह रहे हैं कि हम प्रमोशन में भी गुर्जर बकरवाल और पहाड़ियों को आरक्षण देंगे. 90 के दशक में जम्मू कश्मीर में कितनी गोलीबारी होती थी, याद है न आपको. अब गोलीबारी होती है क्या?’


