Maharashtra Assembly Election 2024: हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी हाईकमान अब सतर्क हो गया है. कांग्रेस हाईकमान महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी तरह लग गया है. जबकि हरियाणा में हुई गलतियों से सीख लेते हुए चेतावनी जारी कर दी गई है.
हरियाणा विधानसभा चुनाव में हुई हार के बाद कांग्रेस आलाकमान ने महाराष्ट्र के लिए नए सिरे से रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है. महाराष्ट्र में चुनावी तैयारियों को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की बैठक सोमवार को हुई है. इस बैठक के दौरान हाईकमान के ओर से महाराष्ट्र के नेताओं को हरियाणा वाली गलतियां नहीं दोहराने की चेतावनी दी गई है.
चुनावी रणनीति को पुख्ता करने की तैयारी
अब हाईकमान के ओर से महाराष्ट्र में सियासी समीकरणों को देखते हुए नए सिरे से चुनाव रणनीति को पुख्ता करने की तैयारी तेज कर दी गई है. महाराष्ट्र और झारखंड में इंडिया गठबंधन की जीत में कांग्रेस की अहम भूमिका होने जा रही है. इसको देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व हरियाणा के चुनाव परिणामों से सीख लेकर आगे अलर्ट नजर आ रहा है.
महाराष्ट्र को लेकर सोमवार को हुई बैठक हरियाणा के रिजल्ट को देखते हुए ही बुलाई गई थी. यह बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई है. इस बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए. बैठक के दौरान उद्धव गुट और शरद पवार गुट के साथ गठबंधन में चुनाव जीतने की रणनीति पर चर्चा हुई है.
महाराष्ट्र के नेताओं को चेतावनी
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नेताओं को अति आत्मविश्वास से बचने की चेतावनी दी है. उनका माना है कि हरियाणा की हार में ये भी एक अहम मुद्दा रहा है. कांग्रेस आलाकमान का मानना है कि हरियाणा चुनाव के दौरान वहां के स्थानीय जातीय सामाजिक समीकरण का आकलन करने में बड़ी चुक हुई है इसका असर रिजल्ट पर दिखा है.
इसी वजह से कांग्रेस ने महाराष्ट्र में अलग-अलग स्तर पर चल रहे जातीय सियासत के दांवपेच को समझने की तैयारी तेज कर दी है. हाईकमान के ओर से स्थानीय नेताओं को इन हर वर्गों में पैठ बनाने की नसीहत दी गई है. बैठक के दौरान बताया गया है कि सीट शेयरिंग पर लगभग 90 फीसदी सहमति बन चुकी है केवल कुछ सीटों की अदला-बदली बाकी है.


