Maharashtra Assembly Election 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक ओर महायुति में सीट शेयरिंग लगभग हो चली है. हालांकि अभी औपचारिक ऐलान बाकी है. लेकिन दूसरी ओर महा विकास अघाड़ी में घमासान कम होने का नाम नहीं ले रहा है. सूत्रों की माने तो एक वक्त उद्धव गुट और कांग्रेस के बीच बात बंद हो गई थी, जिसके बाद उद्धव गुट ने अलग प्लान पर भी विचार शुरू कर दिया.
दरअसल, राज्य में करीब 25 सीटों पर महा विकास अघाड़ी के बीच बात नहीं बन पा रही है. इनमें ज्यादातर सीटें मुंबई रिजन की है, जहां शिवसेना (UBT) उद्धव ठाकरे गुट अपना दावा कर रहा है. लेकिन इसमें ज्यादातर सीट कांग्रेस चाहती है. यही कारण है कि कई दौर की बैठक के बाद भी जब बात नहीं बनी तो उद्धव ठाकरे के गुट ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोल को एक चिट्ठी लिखी थी.
हाईकमान का हस्तक्षेप
इस चिट्ठी के बाद दोनों ही पार्टियों के बीच बात बंद हो गई थी. तब मामला इतना बढ़ा ही कांग्रेस हाईकमान को सीधे हस्तक्षेप करना पड़ा है. अब एक बार फिर से बातचीत शुरू होने पर भी कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिल रहे हैं. दूसरी ओर उद्धव गुट के और से उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की जा रही है. लेकिन कांग्रेस चुनाव के बाद इसपर विचार करने की बात कह रही है.
इन दो वजहों से गठबंधन के बीच पेंच फंस रहा है और इसके बाद अब उद्धव ठाकरे के गुट ने अपने अगले विकल्प पर विचार शुरू कर दिया है. अगर महा विकास अघाड़ी में बात नहीं बन पाई तो 2019 के तरह फिर से एक बार उद्धव ठाकरे गुट गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ने पर विचार करेगा. लेकिन इस बार परिस्थिति 2019 के मुकाबले अलग होगी.
हालांकि गठबंधन नहीं होने की परिस्थिति में उद्धव ठाकरे का गुट कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयार कर रहा है, ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. लेकिन अगर उद्धव गुट गठबंधन से अलग होता है तो इसका भारी नुकसान विधानसभा चुनाव के दौरान गठबंधन को हो सकता है. वहीं शिवसेना (UBT) के लिए भी अलग चुनाव लड़ना आसान नहीं होगा.
कांग्रेस के तेवर पड़े नरम
जबकि एनडीए के ओर पहले से शिवसेना शिंदे गुट है. इस वजह से उद्धव ठाकरे के उधर वापस जाने की संभावना नहीं के बराबर है. लेकिन उद्धव गुट से तेवर को देखते हुए कांग्रेस ने अब नरमी दिखानी शुरू कर दी है. सूत्रों की माने तो कांग्रेस जल्द ही अब इन मामलों को हल करने की तैयारी में है. इसका संकेत महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने दिया है.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए CEC की बैठक से पहले महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा, “हम कल पहली सूची घोषित करेंगे. महाविकास अघाड़ी से ज्यादा, महायुति में गड़बड़ है. हम तीनों कल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की योजना बना रहे हैं. इसलिए हम आज रात मुंबई जाएंगे. वहां हम अपने सहयोगी दलों के नेताओं से बात करेंगे और कल सूची घोषित करेंगे, यही हमारी योजना है.”


