Maharashtra Assembly Election 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है. अब राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों पर वोटिंग में करीब एक सप्ताह का वक्त बचा हुआ है. इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तमाम मुद्दों और सवालों पर हिंदी के दैनिक अखबार को इंटरव्यू दिया है. इसमें उन्होंने शिवसेना से जुड़े एक अहम सवाल का जवाब दिया है.
सीएम एकनाथ शिंदे से पूछा गया कि क्या फिर से तीन हिस्सों में बंटी हुई शिवसेना एक हो सकती है तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, शिवसेना दो है. मनसे तो पहले ही खत्म हो चुकी है. हम लोगों ने उद्धव ठाकरे का साथ इन वजह से छोड़ा था कि उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को त्याग दिया था. हम लोगों ने बीजेपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था. लेकिन उन्होंने कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बना ली थी.’
हम बाबा साहेब के सच्चे अनुयायी- सीएम शिंदे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बाला साहेब की रक्षा के लिए अलग हुए हैं. जनता ने भी मुहर लगा दी है कि हम बाला साहेब के सच्चे अनुयायी हैं. हमारी पार्टी और उद्धव ठाकरे की पार्टी 13 सीटों पर आमने-सामने थी, इन 13 सीटों में से 7 सीटों पर हमने जीत दर्ज की थी. उद्धव गुट से हमें 2 लाख 60 हजार वोट ज्यादा मिले हैं. उन्हें 42 फीसदी वोट मिले और हमें 47 फीसदी वोट मिले हैं. अब हम बढ़ते रहेंगे और बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाते रहेंगे.
जब उनसे पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि उद्धव ठाकरे के सामने अब अस्तित्व का खतरा खड़ा हो गया है. तब सीएम शिंदे ने कहा कि जनता क्या सोच रही है उसे समझने की जरूरत है. शिवसेना का वोट हमारे पास है और वह कांग्रेस के वोट से जीते हैं. वह तो अब परजीवी बन गए हैं. अब उनका खुद का कोई अस्तित्व नहीं बचा हुआ है. जब मुख्यमंत्री से चुनाव में जीत और सीटों पर अनुमान पूछा गया तो उन्होंने कहा कि महायुति को कम से कम 170 सीटें आ सकती हैं.


