MSP Hike: महाराष्ट्र और झारखंड के ऐलान के बाद बुधवार को मोदी कैबिनेट की पहली बैठक हुई. इस बैठक के दौरान सरकार ने किसानों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है. मोदी कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी है. सरकार ने छह रबी फसलों के MSP को बढ़ाया है. वहीं कैबिनेट के इस फैसले पर पीएम नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया आई है.
पीएम मोदी ने कहा, ‘अपने किसान भाई-बहनों के कल्याण के लिए हम निरंतर बड़े फैसले लेने में जुटे हैं. इसी दिशा में आज हमारी सरकार ने 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं और चना सहित अनिवार्य रबी फसलों की एमएसपी को बढ़ाया है. इससे हमारे अन्नदाताओं का जीवन और आसान होगा.’ इसके साथ ही उन्होंने कैबिनेट के फैसले की जानकारी भी दी है.
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “केंद्र सरकार ने 2025-26 के रबी सीजन में 6 फसलों के लिए MSP अधिसूचित किया है. RMS 2025-26 के लिए गेहूं का MSP 2,425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जौ 1,980 रुपये प्रति क्विंटल, चना 5,650 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 6,700 रुपये प्रति क्विंटल, रेपसीड और सरसों 5,950 रुपये प्रति क्विंटल और कुसुम 5,940 रुपये प्रति क्विंटल है.”
इन फसलों की बढ़ी MSP
शिवराज सिंह चौहान ने बताया, ‘गेहूं के मौजूदा MSP से 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, जौ के मौजूदा MSP से 130 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, चने के मौजूदा MSP से 210 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, मसूर के मौजूदा MSP से 275 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, रेपसीड और सरसों के मौजूदा MSP से 300 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है और कुसुम के लिए मौजूदा MSP में 140 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है.’
Haryana New CM: हरियाणा में गृहमंत्री अमित शाह ने ये कर दिखाया, सब देखते रह गए
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने देश के किसानों को लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया था. कांग्रेस सरकार ने ऐसा कभी नहीं किया. केंद्र सरकार किसानों के लाभ के लिए विभिन्न कदम उठा रही है.’ बता दें कि कैबिनेट का यह फैसला ऐसे वक्त में आया है जब एक दिन पहले ही चुनाव का ऐलान हुआ है.


