Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता अजय माकन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस नेता ने भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. रवनीत सिंह बिट्टू ने पहले राहुल गांधी की तुलना आतंकी से कर दी थी.
कांग्रेस नेता ने कहा, “भाजपा के एक नेता ने दिल्ली में पिछले सप्ताह एक तरह से राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दी थी, जब उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संभल जाओ वरना आपका भी वही हाल होगा जो आपकी दादी का हुआ था. आज हमने पुलिस में शिकायत की है. इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए.”
अजय माकन ने कहा, ‘राहुल गांधी जी को जिन लोगों ने धमकी दी है, उनमें से 4 लोगों के खिलाफ शिकायत की गई है. उनमें से एक दिल्ली BJP के पूर्व विधायक हैं, दूसरे शिवसेना-शिंदे से महाराष्ट्र के विधायक हैं, तीसरे केंद्र सरकार में मंत्री हैं और एक यूपी से मंत्री हैं. इन चारों के खिलाफ FIR होना चाहिए.’
वे लोग धमकी दे रहे हैं- अजय माकन
उन्होंने कहा, ‘हम सब जानते हैं कि स्व. इंदिरा गांधी जी और स्व. राजीव जी ने देश के लिए शहादत दी है. उसके बाद भी वे लोग इस तरह की धमकी दे रहे हैं. भारत में राजनीति इससे ज्यादा निचले स्तर पर नहीं गिर सकती. BJP के एक नेता ने नहीं, बल्कि कई नेताओं ने ऐसी बातें कही, लेकिन BJP ने कोई एक्शन नहीं लिया.’
Pager: क्या है पेजर? जिससे लेबनान दहला, 9 की मौत, 3 हजार से ज्यादा घायल, कैसे होता है विस्फोट
शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी जी SC, ST, OBC, आदिवासी और अल्पसंख्यक लोगों की बात करते हैं. इसलिए BJP के लोगों को उनकी बात पसंद नहीं आ रही है. यही वजह है कि वे धमकी दे रहे हैं. लेकिन मैं, आपको बता दूं- ये कांग्रेस पार्टी है और हम डरने वाले नहीं हैं. आज हमने इनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की है.’


