Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर में नई सरकार के गठन के चार दिनों के अंदर आंतकियों ने दुसरी घटना को अंजाम दिया है. श्रीनगर नेशनल हाईवे पर जोजि ला की तलहटी में स्थित गांदरबल में देर शाम यह घटना हुई है. यहां जेड मोड़ सुरंग परियोजना के शिविर में घुसकर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं. इस हमले में एक डॉक्टर समेत 7 लोगों की मौत हो गई है.
वहीं आंतकियों द्वारा अंजाम दी गई इस घटना में चार लोग घायल हैं. आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर इस घटना को अंजाम दिया है. मृतकों में डॉक्टर जम्मू कश्मीर के बड़गाम का रहने वाला है. मध्य प्रदेश के एक, जम्मू कश्मीर के दो, बिहार के तीन और पंजाब के एक व्यक्ति की हत्या की गई है. घटनास्थल पर तीन जली हुई गाड़ियां मिली हैं.
इलाके की घेराबंदी
गगनगीर आतंकी हमले में घायल हुए लोगों का इलाज जारी है. अस्पताल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और सर्च ऑपरेशन जारी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सीएम उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर दुख जताया है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “जम्मू-कश्मीर के गगनगीर में नागरिकों पर हुआ नृशंस आतंकी हमला कायरतापूर्ण घृणित कृत्य है. इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें हमारे सुरक्षा बलों की ओर से कड़ी से कड़ी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा. इस अत्यंत दुख की घड़ी में, मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
बख्शा नहीं जाएगा- उपराज्यपाल
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय ने ट्वीट किया, “मैं गगनगीर में नागरिकों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं. मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि इस घृणित कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. हमने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सुरक्षा बलों को पूरी आजादी दी है.”
उपराज्यपाल कार्यालय ने ट्वीट किया, “हमारे बहादुर जवान जमीन पर हैं और वे सुनिश्चित करेंगे कि आतंकवादियों को उनकी हरकतों की भारी कीमत चुकानी पड़े. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. दुख की इस घड़ी में पूरा देश परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ा है.”
घायलों को श्रीनगर के SKIMS में रेफर किया- सीएम
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, “गगनगीर हमले में हताहतों की संख्या अंतिम नहीं है, क्योंकि स्थानीय और गैर-स्थानीय दोनों तरह के कई मजदूर घायल हुए हैं. घायलों के पूरी तरह ठीक होने की प्रार्थना की जा रही है, क्योंकि गंभीर रूप से घायलों को श्रीनगर के SKIMS में रेफर किया जा रहा है.”
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, “सोनमर्ग क्षेत्र के गगनगीर में गैर-स्थानीय मजदूरों पर कायरतापूर्ण और नृशंस हमले की बहुत दुखद खबर है. ये लोग इलाके में एक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजना पर काम कर रहे थे. इस आतंकवादी हमले में 2 लोग मारे गए हैं और 2-3 अन्य घायल हुए हैं. मैं निहत्थे निर्दोष लोगों पर इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं और उनके प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.”


