UP ByPolls 2024: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है. सपा ने उपचुनाव के लिए पहली लिस्ट में छह उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. हालांकि अभी तक कांग्रेस के साथ गठबंधन पर कोई बात बन नहीं पाई है. लेकिन अब सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने इसपर जवाब दिया है.
सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा, “सभी 6 सीटों पर समाजवादी पार्टी भाजपा को हराने में आगे रही है. शेष 4 सीटों पर कांग्रेस पार्टी के साथ बातचीत चल रही है. अगर कांग्रेस ने हरियाणा में सपा और AAP के साथ गठबंधन किया होता, तो आज हरियाणा में INDIA गठबंधन की सरकार होती. कांग्रेस ने सपा को एक भी सीट नहीं दी और पूरा राज्य भाजपा को दे दिया. हम उत्तर प्रदेश में उपचुनावों में भाजपा को हराना चाहते हैं.”
क्या बोली कांग्रेस
जबकि यूपी में कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा, ‘सपा से उपचुनाव में गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं हुई. हम सभी 10 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं. गठबंधन पर फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा.’ वहीं सपा सांसद राजीव राय ने कहा, ‘कांग्रेस अति उत्साह में आ जाती हैं. कांग्रेस पार्टी सबको इग्नोर करने लगते हैं. इस देश में बीजेपी से लड़ने की जरूरत है. राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दिल बड़ा है.’
वहीं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा, ‘हम कांग्रेस के साथ मिलकर ही चुनाव लड़ेंगे. सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा.’ सूत्रों की माने तो अभी तक सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीट शेयरिंग पर कोई भी बात फाइनल नहीं हो पाई है. लेकिन इसके बाद भी सपा ने अपने छह उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी.
बता दें कि राज्य में दस सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं. इस हालांकि अभी तक उपचुनाव का ऐलान नहीं हुआ है. लेकिन संभावना जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में ऐलान हो जाएगा. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ ही कई राज्यों में उपचुनाव होने वाला है.


